BREAKING

इंस्टाग्राम पर प्यार, लिव-इन में रहकर दुष्कर्म… शादी का झांसा देकर हैदराबाद की महिला से गलत काम करता रहा युवक

Dehradun Crime News उत्तराखंड में घूमने के लिए आई एक महिला की वहां के एक के युवक दोस्ती हो गई। महिला उसके साथ लिव इन में रहने लगी। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि अब युवक उसके साथ रहने से इनकार कर रहा है। महिला ने पुलिस को तहरीर दी है।

देहरादून। उत्तराखंड घूमने आई हैदराबाद की एक महिला इंस्टाग्राम से एक युवक से जुड़ गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ समय दोनों लिवइन में भी रहे, लेकिन बाद में आरोपित ने उससे संपर्क तोड़ दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने महिला की तहरीर में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि वह शादीशुदा है, लेकिन अकेली रहती है। वर्ष 2024 में वह उत्तराखंड घूमने के लिए आई थी, इसी बीच उसकी इंस्टाग्राम से अजय बहुगुणा के साथ दोस्ती हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित ने अपनी फर्जी आइडी ऋषभ शर्मा के नाम से बनाई हुई थी। आरोपित उससे लगातार फोन व मैसेज भेजकर संपर्क करता रहा। बाद में उसके समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा।

होटल में किया दुष्कर्म

आरोपित की बातों में आकर उसने शादी की बात स्वीकार करते हुए 30 अगस्त को फ्लाइट से देहरादून पहुंची और प्रेमनगर स्थित एक होटल में कमरा लिया। आरोपित उससे मिलने होटल में पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह कई बार आरोपित से मिलने देहरादून पहुंची, जहां आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों लिवइन में रहने लगे। पीड़ित ने बताया कि आरोपित ने उससे छह लाख रुपये भी लिए और बाद में उससे संपर्क तोड़ दिया।

थानाध्यक्ष प्रेमनगर मोहन सिंह ने बताया कि आरोपित अजय बहुगुणा निवासी प्रेमनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपित को नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि दो मई को एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी कि बंटी नाम का युवक उसकी बहन को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया। सर्विलांस के माध्यम से आरोपित की लोकेशन एलआइसी बिल्डिंग की तरफ मिली, जहां रविवार को पुलिस ने बंटी निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना मंडावर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पूर्व में नेहरू कालोनी क्षेत्र में काम करता था, जिसके चलते उसकी किशोरी से जान पहचान हो गई। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *