चारधाम यात्रा के लिए विदेशी श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 10796 विदेशी श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। जिसमें केदारनाथ के लिए सर्वाधिक 3674 विदेशी श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया। बदरीनाथ के लिए 3045 पंजीकरण हुए। जबकि यमुनोत्री के लिए 1918 और गंगोत्री के लिए 2105 विदेशी श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। हेमकुंड साहिब के लिए 54 विदेशी श्रद्धालु पंजीकृत हुए।
पर्यटन विभाग ने इस साल पहली बार आधार कार्ड से लिंक पंजीकरण शुरू किया है। ताकि यात्रियों की निगरानी हो सके और उन्हें अधिक से अधिक सुविधा दी जा सके। वहीं, विदेशी श्रद्धालुओं का पंजीकरण पासपोर्ट के माध्यम से हो रहा है।
30 अप्रैल से खुलेंगे कपाट
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को खुलेंगे। जबकि दो मई को केदारनाथ और चार मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट धाम के खुलने के साथ यात्रा पूर्ण स्वरूप में शुरू हो जाएगी। आखिर में 25 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ के श्रद्धालुओं की संख्या सर्वाधिक होने से दो मई से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में इजाफा देखने को मिलेगा।
वेबपोर्टल से हो रहे अधिकांश रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के लिए वेबपोर्टल (registrationandtouristcare.uk.gov.in) के माध्यम से अब तक 11,61,557 पंजीकरण हुए। जबकि मोबाइल एप (Tourist care uttarakhand) से 47,005 श्रद्धालु ने पंजीकरण कराया। वहीं, यात्रा के लिए 15,128 निजी वाहन और चार व्यवसायिक वाहन पंजीकृत हुए।
टोल फ्री नंबर से नौ हजार श्रद्धालुओं का समाधान
चारधाम यात्रा में पंजीकरण और यात्रा संबंधी समस्याओं व पूछताछ के लिए यूटीडीबी ने टोल फ्री नंबर (0135-1364) जारी किया है। जिसके माध्यम से 24 घंटे श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। वहीं, अब तक 9,326 श्रद्धालुओं ने टोल फ्री नंबर में फोनकर अपनी समस्याओं का निस्तारण कराया है।
चारधाम यात्रा के लिए कुल पंजीकरण
धाम | गुरुवार को हुए पंजीकरण | कुल पंजीकरण |
केदारनाथ | 17,484 | 3,97,490 |
बदरीनाथ | 15,027 | 3,61,160 |
गंगाेत्री | 9,073 | 2,20,625 |
यमुनोत्री | 8,660 | 2,13,330 |
हेमकुंड साहिब | 726 | 15,957 |
कुल पंजीकरण | 50,970 | 12,08,562 |