BREAKING

देहरादून आरटीओ में बड़ा बदलाव: टैक्स, रजिस्ट्रेशन और परमिट के लिए अब एक ही काउंटर, 3 दिन में पूरा होगा काम

देहरादून, 15 अगस्त 2025 — वाहन चालकों और आरटीओ से जुड़े काम करवाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। देहरादून आरटीओ कार्यालय में अब टैक्स, री-रजिस्ट्रेशन और परमिट जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर दिया गया है। इस सुविधा के तहत अब सभी सेवाएं एक ही काउंटर पर उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को अलग-अलग काउंटरों पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि नए सिस्टम के तहत उपभोक्ताओं को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपनी फाइल जमा करनी होगी। फाइल की जांच मौके पर होगी, और सभी दस्तावेज पूरे होने पर आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा। इसके बाद तीन कार्य दिवसों में प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी और उपभोक्ता को दस्तावेज दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच सौंप दिए जाएंगे।

इस सिंगल विंडो के जरिए अब वाहन का टैक्स जमा करने, बैंक लोन चुकाने के बाद अपने नाम ट्रांसफर कराने, वाहन बेचने के बाद नए मालिक के नाम चढ़ाने, डुप्लीकेट आरसी बनाने, री-रजिस्ट्रेशन, नए परमिट जारी कराने और पुराने परमिट का नवीनीकरण—सभी सेवाएं एक जगह मिलेंगी।

पहले इन कामों के लिए लोगों को अलग-अलग काउंटर पर जाना पड़ता था, कई बार संबंधित बाबू के न मिलने या दस्तावेज़ में कमी बताकर आवेदकों को लौटाने की शिकायतें आती थीं। नए सिस्टम से इन समस्याओं पर रोक लगेगी।

गौरतलब है कि देहरादून आरटीओ में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस और नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन के लिए पहले से ही सिंगल विंडो सुविधा मौजूद थी। अब टैक्स और परमिट से जुड़े कार्य भी इसी दायरे में आ गए हैं।

अब देहरादून आरटीओ में वाहन से जुड़े ज्यादातर काम एक ही जगह, कम समय में और बिना भटकने के पूरे हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *