देहरादून, 21 जुलाई
बद्रीश कॉलोनी और लाडपुर के बीच फैले जंगल में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे की लत से परेशान स्थानीय लोगों ने रविवार को बड़ा कदम उठाया। श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति और पूर्व सैनिक सहयोग संगठन ने संयुक्त रूप से “नशेड़ी भगाओ, कॉलोनी बचाओ” अभियान की शुरुआत की।
पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में महिलाओं से छेड़छाड़, लूटपाट और नशीले पदार्थों के सेवन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही थीं। स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद दोनों संगठनों ने रविवार को स्वयं मोर्चा संभाला।
जंगल में पहुंचे, नशेड़ियों को खदेड़ा
अभियान के तहत समिति के सदस्यों और पूर्व सैनिकों ने जंगल का रुख किया, जहां उन्होंने कई संदिग्ध नशेड़ियों को खदेड़ा। इस दौरान मौके पर चीता पुलिस टीम भी पहुंची, जिन्होंने सक्रिय सहयोग करते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लेकर नेहरू कॉलोनी पुलिस चौकी तक पहुंचाया।
सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता
स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समिति ने इस तरह के अभियानों को नियमित रूप से जारी रखने की बात कही है। बद्रीश कॉलोनी से लाडपुर जाने वाला यह रास्ता आमजन के लिए बेहद जरूरी है, लेकिन असामाजिक तत्वों की गतिविधियों ने यहां भय का माहौल बना दिया है।
पुलिस प्रशासन को धन्यवाद
संघर्ष के इस प्रयास में नेहरू कॉलोनी चौकी प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर पुरोहित के त्वरित एक्शन की सराहना की गई। दोनों संगठनों ने उनका आभार प्रकट करते हुए कहा कि पुलिस का साथ मिलने से हौसला बढ़ा है और इस अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।