Dehradun News Portal | तारीख: 29 जून 2025 | स्थान: देहरादून, उत्तराखंड
देहरादून। मानसून ने राजधानी देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में भयावह रूप अख्तियार कर लिया है। बीते रात से सुबह तक हुई मूसलधार बारिश के बाद देहरादून के कारगी ग्रांट क्षेत्र में दो मकान ढह गए, जबकि शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया है। उधर, मसूरी मार्ग पर एक पुश्ता धंस गया, जिससे आवाजाही बाधित हो गई है।
कारगी ग्रांट में बड़ा हादसा टला, दो मकान हुए जमींदोज
शनिवार देर रात हुई तेज बारिश से मदीना मस्जिद कॉलोनी (कारगी क्षेत्र) में शहीद अंसारी का दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। वहीं पास में स्थित एक और मकान भी जमींदोज हो गया।
गनीमत रही कि प्रशासन और स्थानीय लोगों की सतर्कता से घर के सभी सदस्य पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए गए थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़कों पर जलभराव, मसूरी रोड पर मार्ग धंसा
बारिश के चलते शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं, मालसी जू पुलिया के पास सड़क का किनारा धंस गया, जिससे इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने मसूरी की ओर जाने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वह वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। एसएसपी अजय सिंह स्वयं हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उत्तराखंड के सात जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 29 जून से 1 जुलाई तक प्रदेश के सात जिलों — देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर — में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, इन जिलों के अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी भारी बारिश के कई दौर की संभावना है।
नदी-नालों से दूर रहें, सतर्क रहें: प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि बारिश के इन दिनों में नदी-नालों से दूर रहें, जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाएं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय प्रशासन को 24 घंटे निगरानी, सुरक्षा प्रबंधन, और राहत संसाधनों की तैयारियों के निर्देश दिए हैं।
देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मानसून अब कहर बनकर बरस रहा है। प्रशासन सतर्क है, लेकिन जनता से सहयोग और सावधानी की अपील की जा रही है।


