पटना, 30 अगस्त 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर बिहार की सियासत में घमासान मच गया है। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पटना की सड़कों पर विरोध मार्च निकालकर कांग्रेस और राजद पर करारा हमला बोला। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि हर भारतीय माँ और महिला का अपमान है।
कुर्जी से सदाकत आश्रम तक विरोध मार्च
भाजपा का यह विरोध मार्च पटना के कुर्जी होली फैमिली अस्पताल से निकाला गया और कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम तक पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कांग्रेस-राजद विरोधी नारे लगाते रहे।
मार्च का नेतृत्व बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन, संजय सरावगी, विधायक संजीव चौरसिया और अरुण कुमार सिन्हा ने किया।
कांग्रेस दफ्तर के बाहर भिड़ंत
जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध मार्च कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के नजदीक पहुंचा, वहां से भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव होने लगा। इस अचानक हुए हमले में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
मंत्री नितिन नवीन ने इसे कायराना हरकत बताते हुए कहा—
“आपने मां का अपमान किया है, एक-एक बिहार बेटा इसका जवाब देगा। प्रधानमंत्री का अपमान हुआ है, भाजपा का हर कार्यकर्ता बदला लेगा।”
“किसी भी माँ का अपमान बिहार नहीं सहेगा”
भाजपा नेता संजय सरावगी ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि हर भारतीय माँ का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस की राजनीति इतनी नीचे गिर चुकी है कि वे प्रधानमंत्री की स्वर्गवासी माता के लिए भी घृणित शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा—
“महागठबंधन की सोच अब इतनी गंदी हो चुकी है कि उन्हें जनता से जुड़ने के लिए सिर्फ नफरत और अपमान का सहारा लेना पड़ रहा है।”
“पहले गाली, फिर पथराव अब कांग्रेस की नीति”
विधायक संजीव चौरसिया ने कहा कि कांग्रेस के लिए माँ का अपमान शायद राजनीति का हिस्सा हो, लेकिन बिहार इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे, लेकिन कांग्रेसियों ने उन पर पथराव कर दिया।
“पहले प्रधानमंत्री की माताजी को गाली दी गई और अब विरोध करने वालों पर हमला—यह कांग्रेस की नई नीति बन चुकी है,” उन्होंने आरोप लगाया।
भाजपा का सीधा संदेश
भाजपा नेताओं ने साफ कहा कि राजद और कांग्रेस ने जो शब्द इस्तेमाल किए हैं, उससे मिथिला की संस्कृति और बिहार की मर्यादा को ठेस पहुंची है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार का हर बेटा इसका जवाब देगा और इस अपमान को कभी माफ नहीं किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा नेता अमृता भूषण राठौड़, अनामिका पासवान, संजय गुप्ता, भीम साहू, रूप नारायण मेहता, मुकेश यादव, शशि बल्दियार समेत कई प्रदेश और मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे।