BREAKING

श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

देहरादून | 15 अगस्त 2026

देहरादून। श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट कैलाश चंद्र कोठियाल रहे, जिन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की सीख देने के स्वर्णिम अवसर होते हैं।

समिति की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए फ्लाइट लेफ्टिनेंट विधान सिंह रावत (सेवानिवृत्त) को सजग नागरिक सम्मान, हुकम सिंह उनियाल को वरिष्ठ नागरिक सम्मान, मोहनलाल गैरोला एवं सेक्शन ऑफिसर बलदेव सिंह भंडारी (सेवानिवृत्त) को वरिष्ठ समाजसेवी सम्मान, विमला सरियाल को सनातन सेविका सम्मान तथा बैंक अधिकारी देवेंद्र सिंह पंवार को सक्रिय कार्यकर्ता सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान मेधावी छात्रों और अन्य वरिष्ठ एवं सजग नागरिकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन रविंद्र सिंह सजवाण और प्रदीप नवानी ने किया, जबकि मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मीना नेगी ने संभाली।

समिति अध्यक्ष चित्रपाल सजवाण ने सभी कॉलोनीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित लोगों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में अकेले रह रहे बुजुर्गों का सर्वे कर उनके मोबाइल नंबर और पते नजदीकी पुलिस चौकी को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही कॉलोनी के पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिकों के परिवारों से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे।

समारोह में कार्यकारी उपाध्यक्ष बृजमोहन भट्ट, कोषाध्यक्ष अशोक बलूनी, चतर सिंह पुंडीर, युद्धवीर भंडारी, चिंतामणि उनियाल, डॉ. शंकर काला, डॉ. एसपी सेमवाल, केसी बहुगुणा, डॉ. सती, पूर्व प्रधान गुणा देवी, मीनू सुंदरियाल, रेखा गोदियाल, विमला रावत सहित समिति के पदाधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *