25 नवंबर 2026 | कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल
गुजरात के कच्छ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सैन्य जवानों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी कोटद्वार पहुंचे। उन्होंने हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया और उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
हादसे में तीन सैनिक परिवारों के सात लोगों की हुई थी मौत
21 नवंबर को गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में कोटद्वार निवासी तीन परिवारों के सात लोगों की जान चली गई थी। हादसे में सेना में तैनात जवानों के साथ उनकी पत्नियां और मासूम बच्चियां भी शामिल थीं। घटना ने उत्तराखंड में शोक की लहर पैदा कर दी थी।
इस दुर्घटना में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और बेटी शिविका की मौत हो गई थी। वहीं, नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और उनकी मासूम बेटी वामिका की जान चली गई।
परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा
कोटद्वार पहुंचकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों की पीड़ा सुनी और कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी से उबरना बेहद कठिन है। सरकार इस मुश्किल समय में परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी और उनकी जरूरतों के अनुसार सहयोग किया जाएगा।
मंत्री ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति दिए जाने से जुड़ी मांग पर भी आश्वासन दिया कि इस संबंध में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे और उनकी अपील को सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की जाएगी।
उत्तराखंड में हादसे को लेकर शोक, सैनिक परिवारों के प्रति संवेदना
गुजरात के कच्छ में हुए इस हादसे में तीन सैनिक परिवारों के सात सदस्यों की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। जवानों के परिवारों में एक साथ कई सदस्यों के चले जाने से गहरा दुख है।
कैबिनेट मंत्री की परिजनों से मुलाकात के दौरान परिवारों को सरकारी सहयोग का भरोसा दिया गया। हादसे में जान गंवाने वाले सैनिकों और उनके परिजनों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रदेशभर में लोगों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।


