दिनांक: 26 नवंबर 2026 | देहरादून
उत्तराखंड में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों को राज्यपाल तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने लोक भवन (राजभवन) तक मार्च निकाला। पार्टी ने इस प्रदर्शन को ‘संविधान बचाओ मार्च’ नाम दिया। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। हालांकि, हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।
हाथीबड़कला में पुलिस ने रोका मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़े कांग्रेस नेता
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से देहरादून पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता पहले पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता लोक भवन की ओर रवाना हुए। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया।
इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कई कार्यकर्ता अपने गले में हस्ताक्षरों से भरे बैनर और पोस्टर की पोटलियां लटकाकर प्रदर्शन करते नजर आए।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
कुमारी सैलजा ने दिलाई संविधान की रक्षा की शपथ
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में संवैधानिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है।
भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब!
📍देहरादून, उत्तराखंड https://t.co/y0REfLiZE0— Uttarakhand Congress (@INCUttarakhand) November 26, 2026
सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान के जरिए प्रदेश के लाखों लोगों की पीड़ा, नाराजगी और सरकार के प्रति आक्रोश को एकत्र किया गया है। इन्हीं हस्ताक्षरों को संवैधानिक प्रमुख तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोक भवन मार्च निकाला गया।
उन्होंने कहा कि जनहित और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रही है और भविष्य में भी इस संघर्ष को जारी रखा जाएगा।
अपराध और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना
कुमारी सैलजा ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में संविधान की मूल भावना के विपरीत काम हो रहे हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को जो मौलिक अधिकार और कर्तव्य दिए हैं, उन्हें प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।
पार्टी मुख्यालय में जुटे दिग्गज नेता, हरीश रावत भी रहे मौजूद
लोक भवन कूच से पहले प्रदेशभर से आए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करन माहरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
आज संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ विशाल ‘संविधान बचाओ मार्च’ में शामिल हुई।
अब पूरे देश के सामने है कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर किस तरह वोट चोरी कर रही है। जनता के मताधिकार से खिलवाड़ करना संविधान पर सीधा हमला है। आखिर जब जनता का वोट ही नहीं बचेगा, तो संविधान कैसे बचेगा?
कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है। बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार की विफलता को लेकर जनता में नाराजगी है। अब प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।
जय संविधान, जय हिंद!
— Kumari Selja (@Kumari_Selja) November 26, 2026
यहां से सभी नेता एकजुट होकर मार्च में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
गणेश गोदियाल बोले- प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता में नाराजगी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेशभर में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया था। इसके माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों की राय और नाराजगी को सामने लाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि एकत्र किए गए हस्ताक्षरों को राज्यपाल को सौंपने के उद्देश्य से कांग्रेस ने लोक भवन तक मार्च किया। इस अभियान में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
करन माहरा ने मंत्रियों और अंकिता भंडारी मामले को उठाया
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा के कुछ मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर जनता के बीच नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार ऐसे मामलों में संबंधित मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति नहीं दे रही है।
चंदा चोरो की ये सरकार नहीं चलेगी https://t.co/GDvh5iWObs
— Ganesh Godiyal (@UKGaneshGodiyal) November 26, 2026
माहरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर प्रदेश के लोगों में काफी आक्रोश है। भ्रष्टाचार, कथित अनियमितताओं और अंकिता भंडारी प्रकरण सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर ही कांग्रेस ने लोक भवन तक मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर दबाव बनाने की कोशिश की। वहीं, लोक भवन कूच के दौरान पुलिस बैरिकेडिंग पर हुई धक्का-मुक्की ने राजधानी देहरादून में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।


