Dehradun News: अजय भटेजा जाखन स्थित इस मकान में अकेले रहते थे। उन्होंने घर के कामकाज के लिए एक महिला को नौकरी पर रखा हुआ था। वह सोमवार को भी करीब आठ बजे आई तो देखा कि मकान बाहर से खुला हुआ था। वह अंदर दाखिल हुई तो कमरे के हालात देखकर चीखने लगी।
जाखन के कृष्णानगर में सरकारी स्टेशनरी सप्लायर 54 वर्षीय अजय भटेजा उर्फ राजू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह कमरे में औंधे मुंह पड़े थे और नाक से खून निकला हुआ था। पंखे में एक चुनरी बंधी थी लेकिन गले पर कोई निशान नहीं मिला। घर के सीसीटीवी और डीवीआर भी गायब थे। इन सब को देखते हुए अजय भटेजा की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हत्या का शक कई लोगों पर है, जिनमें से भटेजा के सौतेले भाई से पूछताछ भी की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अजय भटेजा जाखन स्थित इस मकान में अकेले रहते थे। उन्होंने घर के कामकाज के लिए एक महिला को नौकरी पर रखा हुआ था। यह महिला हर रोज घर पर सुबह सात से आठ बजे के बीच आती है। वह सोमवार को भी करीब आठ बजे आई तो देखा कि मकान बाहर से खुला हुआ था। वह अंदर दाखिल हुई तो कमरे के हालात देखकर चीखने लगी। कमरे में अजय भटेजा औंधे मुंह पड़े हुए थे और उनके पास बहुत सा खून भी पड़ा था। महिला ने इसकी जानकारी पटेलनगर क्षेत्र में रहने वाली उनकी बहन वीना को दी। भटेजा की बहन और बेटा वहां पहुंचे।