हरिद्वार, उत्तराखंड | 21 मई 2026
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब सिर्फ इंसानों ही नहीं बल्कि वन्यजीवों के लिए भी परेशानी का कारण बनती जा रही है। जंगलों में पानी और ठंडक की कमी के चलते वन्यजीव अब आबादी वाले इलाकों की ओर रुख करने लगे हैं। हरिद्वार में बीते 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। भेल सेक्टर-5 में एक विशालकाय अजगर रिहायशी क्षेत्र में पहुंच गया, जबकि देर रात चंडी देवी पैदल मार्ग के पास हाथियों का झुंड दिखाई दिया।
भीषण गर्मी के बीच भेल सेक्टर-5 के लोगों में उस समय हड़कंप मच गया जब रिहायशी इलाके की झाड़ियों में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक अजगर करीब 15 फुट लंबा था और उसे पकड़ने में वन कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विशालकाय अजगर को पकड़ने के दौरान वन कर्मियों की कड़ी मेहनत साफ दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहली बार इतना बड़ा अजगर देखा गया, जिससे लोग काफी भयभीत हो गए थे।
वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि इन दिनों जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है।
उधर, देर रात चंडी देवी मंदिर के पैदल मार्ग के पास हाथियों का एक झुंड भी पहुंच गया। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल थे, जिससे हाथियों के आक्रामक होने और हाईवे की ओर बढ़ने का खतरा बढ़ गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
वन कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को वापस जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान पैदल मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
स्थानीय लोगों ने हाथियों की आवाजाही का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो में हाथियों का झुंड सड़क के करीब घूमता दिखाई दे रहा है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि गर्मियों को देखते हुए वन विभाग की सभी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जंगलों में लगातार गश्त की जा रही है और जहां कहीं भी वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में आने की सूचना मिलती है, वहां तुरंत रेस्क्यू टीम भेजी जा रही है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दें तो खुद उन्हें भगाने या छेड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लगातार बढ़ती गर्मी और जंगलों में घटते जल स्रोत अब वन्यजीवों के व्यवहार को भी प्रभावित कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में यदि तापमान और बढ़ता है तो इस तरह की घटनाओं में और इजाफा हो सकता है। ऐसे में वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती भी बढ़ती जा रही है।


