Dehradun Cyber Crime: देहरादून में साइबर ठग लगातार लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। आरोपी लोगों को नए नए तरीकों में फंसाकर ठगी कर रहे हैं।
देहरादून में साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश कर लाभ का झांस देकर दो लोगों को अपना शिकार बनाया और 14 लाख से ज्यादा हड़प लिए। पहला मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है। निवासी युवक से कुछ लोगों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 10.50 लाख रुपये ठग लिए। युवक को पहले एक अज्ञात व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद स्टॉक में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। पीड़ित ने झांसे में आकर आरोपी के बताए गए अलग-अलग खातों में धनराशि जमा करा दी। पुलिस ने एक नामजद और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के पौंधा निवासी पीड़ित विकास कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को उनको एक अनजान व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया था। इसको आस्क फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट लर्निंग क्लब-टी 903 के नाम से दर्शाया गया था। इस ग्रुप को प्रिया शर्मा नाम की महिला लीड कर रही थी। उसने नए स्टॉक खरीदने और बेचने के लिए कहा और मुनाफे का लाभ भी दिखाया। करीब तीन सप्ताह तक बातचीत के बाद उसने झांसे में ले लिया।