मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश, आपदा प्रबंधन को 24 घंटे अलर्ट पर रहने का आदेश
खटीमा, 31 अगस्त 2025
उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन और जिलास्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने और हर स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
आने वाले दिन चुनौतीपूर्ण: मुख्यमंत्री धामी
सीएम धामी ने कहा कि राज्य के सामने अत्यधिक वर्षा से लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए और इसके लिए सभी आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं।
भूस्खलन और जलभराव पर विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यातायात मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। वहीं, मैदानी जिलों में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए एहतियाती उपाय तुरंत लागू किए जाएं।
उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्विनोद कुमार सुमन को आदेश दिया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से लगातार हालात की निगरानी की जाए और हर अपडेट तुरंत सरकार तक पहुंचे।
वर्चुअल बैठक में दिए दिशा-निर्देश
रविवार को मुख्यमंत्री ने शासन और जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई, बचाव दलों की तैनाती और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आपदा पीड़ितों के पुनर्वास पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा से बेघर हुए परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास का कार्य तेजी से किया जाए और मैदानी जिलों में भी पुनर्वास के विकल्प तलाशे जाएं।
उन्होंने कहा,
“राज्य सरकार केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि हम आपदा प्रभावित परिवारों की भावनाओं और संवेदनाओं से भी जुड़े हुए हैं। अधिकारियों को चाहिए कि वे उनका दुख अपना मानकर, पूरी निष्ठा से पुनर्वास कार्य करें।”