BREAKING

Uttarakhand: जितेंद्र आत्महत्या मामले पर कांग्रेस का हमला, करन माहरा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून, 23 अगस्त 2025 – उत्तराखंड कांग्रेस ने जितेंद्र आत्महत्या मामले को लेकर राज्य सरकार को घेरा है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाए सवाल

करन माहरा ने कहा कि जितेंद्र आत्महत्या प्रकरण में पहले उसके पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन तीन घंटे बाद दूसरा मामला दर्ज कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब कुछ आरोपियों को बचाने के लिए किया गया।


भाजपा पर लगाया धनबल का आरोप

पत्रकार वार्ता के दौरान माहरा ने भाजपा की राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “जब मेरे पिता कांग्रेस से चुनाव लड़ते थे और सामने जनसंघ का उम्मीदवार होता था, तब कांग्रेस कार्यालय में मुश्किल से एक-दो बैज मिलते थे। लेकिन भाजपा दफ्तर में पूरा गट्ठर बांटा जाता था। भाजपा का पूरा तंत्र धनबल से चलता है।”


फंडिंग और पार्टी कार्यालय पर सवाल

माहरा ने भाजपा की फंडिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बीते 11 साल में फाइव-स्टार से भी ज्यादा सुविधाओं वाले दफ्तर खड़े कर लिए हैं। “ऐसी कौन सी जादुई छड़ी आ गई कि 30 करोड़ का फंड इकट्ठा हो गया? हमारे पास तो बमुश्किल दो लाख का फंड होता है।” – उन्होंने कहा।


कांग्रेस की प्रभारी शैलजा कुमारी का दौरा

करन माहरा ने जानकारी दी कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी 27 अगस्त को देहरादून आएंगी। इस दौरान वह पार्टी नेताओं से बैठक करेंगी और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *