Uttarakhand News: सीएम ने कहा कि विभाग दिसम्बर 2026 तक शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों का रजतोत्सव कैलेंडर बनाएं।
प्रदेश के स्कूलों में बच्चे श्रीमद्भागवत गीता पढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने इसे पाठ्यक्रम में शामिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों के लिए अगले 10 सालों के स्पष्ट प्लान पर काम किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा, विभाग दिसम्बर 2026 तक शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों का रजतोत्सव कैलेंडर बनाएं। सीएम ने बरसात शुरू होने से पहले राज्य के सभी स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा, स्कूल के रास्तों और पुलों की स्थिति के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी देखा जाए।
कलस्टर विद्यालयों में आवसीय हॉस्टल की सुविधा के लिए अन्य राज्यों की बैस्ट प्रैक्टिस का अध्ययन कर प्रस्ताव बनाया जाए। यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को आवासीय हॉस्टल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। पहले चरण में हर जिले में एक-एक आवासीय हॉस्टल बनाया जाए। वहीं, 559 कलस्टर विद्यालयों के 15 किमी के दायरे में आने वाले छात्र-छात्राओं की परिवहन व्यवस्था के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार किया जाए।