Delhi Road Accident दिल्ली में एक दर्दनाक हादसे में 10वीं की छात्रा और उसे लिफ्ट देने वाले बाइक सवार युवक की मौत हो गई। एमसीडी के डंपर ने ओखला एस्टेट मार्ग पर उन्हें कुचल दिया। छात्रा के पिता ने जाम में फंसने के कारण उसे बाइक सवार युवक से परीक्षा केंद्र तक लिफ्ट दिलाई थी। पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
10वीं का पेपर देने जा रही थी छात्रा, परीक्षा में देरी होने से बचने के लिए एक बाइक सवार युवक से ली थी लिफ्ट।
पिता की आंखों के सामने ही दिल्ली नगर निगम के डंपर चालक ने छात्रा और उसे लिफ्ट देने वाले युवक को ओखला एस्टेट मार्ग पर कुचल दिया, दोनों ने मौके पर तोड़ दिया दम।
दिल्ली नगर निगम के डंपर चालक ने 10वीं कक्षा की परीक्षा देने जा रही छात्रा और उसे लिफ्ट देने वाले बाइक सवार युवक को ओखला एस्टेट मार्ग पर कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परीक्षा में देरी से बचने के लिए जाम में फंसे छात्रा के पिता ने उसे बाइक सवार युवक से परीक्षा केंद्र तक लिफ्ट दिलाई थी। थाना गोविंदपुरी पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर डंपर को जब्त कर लिया है।
गोविंदपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि सेक्टर-45, फरीदाबाद निवासी मनोज कलोसिया की बेटी मायरा राज कालकाजी एक्सटेंशन स्थित श्री सत्या साईं विद्या विहार स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा थी। मनोज पहले दिल्ली दक्षिणपुरी में ही रहते थे, मगर कुछ समय पहले वह फरीदाबाद शिफ्ट हो गए थे। ऐसे में बेटी की दसवीं बोर्ड परीक्षाओं का सेंटर दिल्ली में ही पड़ा था।
छात्रा का बुधवार को दसवीं का विज्ञान का पेपर था। मायरा अपने पिता मनोज के साथ कार में गोविंदपुरी स्थित सेंटर पर पेपर देने आ रही थी। तुगलकाबाद एक्सटेंशन के पास ट्रैफिक ज्यादा होने के कारण उन्हें सेंटर पहुंचने में देर हो रही थी।
इस पर मनोज ने वहां से गुजर रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक शाहीन बाग निवासी जावेद खान को रोककर बेटी की बोर्ड परीक्षा में हो रही देरी की बात बताई और उसे सेंटर तक छोड़ने का अनुरोध किया।
युवक ने भी छात्रा को बैठा लिया और उसे सेंटर छोड़ने चल दिया। कुछ ही आगे ओखला एस्टेट रोड पर चल रहे एमसीडी का डंपर मोटरसाइकिल के साथ चल रहा था। चलते हुए अचानक चालक ने डंपर को साइड काटा, जिससे मोटरसाइकिल उसकी चपेट में आकर साइड गिर गई। दुर्घटना में मायरा और जावेद डंपर के पिछले टायर के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आंखों के सामने हुए हादसे से छात्रा के पिता सदमे में
गोविंदपुरी थाने में तैनात जांच अधिकारी उपनिरीक्षक दीपक ने बताया कि मनोज कलोसिया ने बेटी को जहां से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट दिला बैठाया था, वहां से मात्र 25-30 मीटर की दूरी पर ही मोटरसाइकिल डंपर की चपेट में आ गई थी।
अपने सामने बेटी की दुर्घटना में मौत होते देख मनोज कलोसिया बेसुध हैं और उनका रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने हालत को देखते हुए उनका बयान भी दर्ज नहीं किया है।
जावेद की छह महीने की बेटी, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मृतक 29 वर्षीय जावेद खान इंश्योरेंस कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर काम करते थे और सुबह अपने आफिस जा रहे थे। जावेद की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और उनकी छह माह की एक बेटी है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं।