देहरादून, उत्तराखंड | 14 मई 2026
देशभर में सोशल मीडिया और मैसेजिंग ग्रुप्स के जरिए प्रचारित की जा रही “BG Easy Trading” और कथित “BG Wealth Sharing Ltd” को लेकर कई तरह के आरोप और शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि यह नेटवर्क एजेंट्स और मैनेजरों के जरिए लोगों को ऊंचे मुनाफे का भरोसा देकर जोड़ता है।
सूत्रों और कुछ निवेशकों के अनुसार, कथित तौर पर “Rosa” नाम की एजेंट के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को “मैनेजर” जैसी पोस्ट देने का भरोसा दिया जाता है। आरोप है कि बाद में यही लोग अपने परिचितों और स्थानीय लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर इस स्कीम से जोड़ने का प्रयास करते हैं। कुछ पीड़ितों का कहना है कि लोगों को अपने निजी लाभ और रिटर्न दिखाकर निवेश के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे कई लोग अपनी जमा पूंजी, यहां तक कि संपत्ति गिरवी रखकर भी पैसा लगाने को मजबूर हो जाते हैं।
कुछ सदस्यों ने यह भी आरोप लगाए हैं कि जब निकासी (withdrawal) का समय आता है, तो कथित रूप से “टैक्स” या अन्य शुल्क के नाम पर 12% से 20% तक एडवांस भुगतान मांगा जाता है। दावा किया जा रहा है कि बिना अतिरिक्त भुगतान के ट्रेडिंग अकाउंट से रकम निकालने में दिक्कतें आती हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति “Stephen Beard” और कथित रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले “BonChat” ऐप का इस नेटवर्क से संबंध बताया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या किसी सक्षम जांच एजेंसी द्वारा सत्यापन अभी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है।
निवेशकों का कहना है कि कई लोगों को अपने अकाउंट में रकम बढ़ती हुई दिखाई गई, लेकिन बड़ी राशि निकालने में समस्याएं सामने आईं। कुछ लोग अब आर्थिक संकट में फंसने की बात कह रहे हैं।
अपील: किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले कंपनी का रजिस्ट्रेशन, कानूनी स्थिति और सरकारी रेगुलेटर से सत्यापन अवश्य करें। केवल सोशल मीडिया प्रचार, स्क्रीनशॉट या ऊंचे मुनाफे के दावों के आधार पर निवेश न करें। यदि आप किसी संदिग्ध निवेश योजना का शिकार हुए हैं, तो साइबर क्राइम पोर्टल या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।






