BREAKING

देहरादून में दो दिन तो छोड़िए 10 दिन में भी नहीं आ रहे कूड़ा उठान वाहन, जनता परेशान

देहरादून में नगर निगम के दावों के बावजूद कूड़ा उठान की स्थिति चिंताजनक है। कई इलाकों में हफ़्तों तक कूड़ा गाड़ियां नहीं आ रही हैं। दैनिक जागरण को एक ही दिन में 100 से अधिक शिकायतें मिलीं। रायपुर वार्ड-66 के लोग सबसे ज़्यादा परेशान हैं जहां हफ़्ते में सिर्फ़ एक बार कूड़ा उठान होता है। लोगों ने निगम से शिकायत की है लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है।

देहरादून। नगर निगम दावा कर रहा कि शहर के 80 प्रतिशत क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान हो रहा है और कूड़ा वाहनों की निगरानी की जा रही, लेकिन सच इसके उलट है। स्थिति यह है कि शहर में नियमित या दो दिन तो छोड़िए, यहां तो हफ्ते से लेकर दस-दस दिन तक कूड़ा उठान गाड़ियां नहीं आ रही हैं।”दैनिक जागरण” ने जब शहरवासियों की दैनिक परेशानी और स्वास्थ्य से खिलवाड़ से जुड़े इस मुद्दे को उठाया और कूड़ा न उठने की शिकायत साझा करने को कहा तो गुरुवार को पहले ही दिन जागरण कार्यालय में 100 से अधिक शिकायतें आ गईं। यह कोई एक इलाके की नहीं, बल्कि इनमें शहर के पाश रिहायशी इलाके से लेकर वह नए वार्ड भी शामिल हैं, जो सात साल पहले नगर निगम का हिस्सा बने हैं।

लोगों का आरोप है कि निगम की गाड़ियां कूड़ा उठाने कहीं हफ्ते में दो बार आ रही तो कहीं एक बार। कुछ इलाके ऐसे भी हैं, जिनमें कूड़ा गाड़ियां 10 दिन के भीतर भी नहीं आती। ऐसे में कूड़ा घरों के भीतर ही सड़ रहा है।

गर्मियों और बरसात के दिनों में कूड़ा सड़ने से उसकी दुर्गंध भी घरों में फैल रही और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा। शिकायतों के इसी क्रम में दैनिक जागरण ने गुरुवार को वार्ड-66 रायपुर में पड़ताल की तो पता चला कि यहां निगम की गाड़ियां हफ्ते में एक बार ही कूड़ा उठाने पहुंच रहीं।

वैष्णव विहार में हफ्तेभर नहीं आती गाड़ी

देहरादून: रायपुर के वार्ड-66 की तकरीबन नौ हजार की आबादी कूड़े की समस्या से परेशान है। स्थिति यह है कि नगर निगम का कूड़ा उठान वाहन हफ्ते तो कभी इससे अधिक दिन बाद क्षेत्र में पहुंचते हैं। ऐसे में घरों के बाहर और रास्ते में कूड़े की सड़न से आने जाने वालों को भी परेशानी हो रही है। नगर निगम को कई बार लोगों ने कूड़ा वाहन समय न पहुंचने की शिकायत की लेकिन स्थिति जस की तस है। ऐसे में लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश व्याप्त है।रायपुर में दुर्गा डेरी के सामने ही कूड़े का ढेर लगा रहता है। यहां से जैसे ही नीचे वैष्णव विहार की ओर मुड़ते हैं तो नालियों में कूड़ा भरा पड़ा है। इसके अलावा जगह जगह कूड़ा बिखराव भी लोगों की परेशानी की वजह है। नगर निगम का कूड़ा उठान वाहन का लोग इंतजार करते हैं लेकिन कभी हफ्ते तो कभी इससे भी ज्यादा दिनों में वह चक्कर लगाता है।

लोगों का कहना है कि कूड़ा उठान वाहन के समय पर न आने की समस्या आज की नहीं है बल्कि पिछ़ले डेढ़ महीने से लोग यह परेशानी झेल रहे हैं। कई बार नगर निगम की टीम को इस समस्या से अवगत कराया लेकिन अभी भी लोगों के सामने परेशानी कम नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि इस मामले में नगर निगम ने संज्ञान नहीं लिया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

 

परेशान जनता की जुबानी

हमें कूड़ा उठान वाहन के लिए सुबह आठ से 10 बजे तक बाहर आकर इंतजार करना पड़ता है। क्योंकि वाहन जब आता है वह अनाउंस नहीं करता। कब आया और कब गया पता नहीं चलता। इस परेशानी से भी हम सभी जूझ रहे हैं। – शोभा यादव

पहले तो वाहन हर तीसरे दिन आता था जिसमें सभी लोग घरों का कूड़ा उसमें डालते थे। लेकिन तकरीबन डेढ़ महीने से कभी हफ्ते में तो कभी इससे ज्यादा का समय बाद वाहन नजर आता है। इस बीच कूड़ा डालें तो कहां डालें यह सभी की समस्या बनी है। – सावित्री

हर कालाेनी को स्वच्छ करने का नगर निगम का दावा फेल होता दिख रहा है। यहां कालोनीवासी तकरीबन डेढ़ महीने से कूड़ा उठान वाहन समय पर न आने से परेशान हैं। कई बार वाहन चालक से लेकर नगर निगम के अधिकारियों समस्या बताई लेकिन कुछ नहीं हुआ। – विजय डोभाल

नगर निगम की टीम कूड़ा उठान का पैसा लेने में एक दिन भी देर नहीं करती लेकिन जब कूड़ा उठान का नंबर आता है तो कई दिन बाद वाहन को भेजा जाता है। या तो कूड़ा उठान वाहनों की मानिटरिंग नहीं होती या निगम स्तर से ही हफ्तेभर बाद वाहन व्यवस्था बन गई है। – फूलदेई तड़ियाल

हम सभी कूड़ा की बदबू से परेशान हैं। गर्मियों का दिन है और एक दिन में ही कूड़े से बदबू आने लगती है। हम कूड़ा को बाहर रखते थी हैं लेकिन वाहन का पता नहीं कब आएगा इसलिए आने जाने वाले लोग भी कूड़े की बदबू को परेशानी हो रही है। – माया

मेरे वार्ड में पहले कूड़ा उठान के चार वाहन संचालित हो रहे थे, लेकिन करीब दो माह पूर्व एक वाहन आना भी बंद हो गया। मैने लगातार निगम कार्यालय जाकर समस्या को उठाया तो पिछले आठ-दस दिन से एक वाहन आने लगा। आबादी हजारों में है, ऐसे में एक वाहन से कैसे काम चलेगा। मैं खुद परेशान हूं और लगातार इसके लिए निगम में शिकायत कर रहा हूं, ताकि क्षेत्रवासियों की समस्या का समाधान हो सके। – कपिल धर, पार्षद वार्ड-66 रायपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *