BREAKING

होटल में जिस्मफरोशी का खुलासा: सिडकुल में पुलिस की छापेमारी, तीन पुरुष और चार महिलाएं गिरफ्तार, ऑनलाइन चल रहा था पूरा रैकेट

हरिद्वार | बुधवार, 2 जुलाई 2025

हरिद्वार जिले के औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में ऑनलाइन संचालित देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सिडकुल थाना पुलिस ने एचएमटी ग्रांड होटल में दबिश देकर तीन पुरुषों और चार महिलाओं को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा है। इस दौरान होटल मालिक, मैनेजर और ग्राहकों की संलिप्तता सामने आई, जबकि रैकेट का मुख्य ब्रोकर मौके से फरार हो गया।


कैसे हुआ खुलासा?

पुलिस को सूचना मिली थी कि डैंसो चौक के पास एचएमटी ग्रांड होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। बुधवार दोपहर महिला एसआई राखी रावत, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार, आरक्षी दीपक कुमार और सिडकुल थाना पुलिस ने होटल में छापा मारा।

जैसे ही कमरे खोले गए, पुलिस टीम को वहां चार महिलाएं और तीन पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। सभी को तत्काल गिरफ्तार कर थाने लाकर पूछताछ की गई।


गिरफ्तार आरोपी:

  • होटल मालिक: तंजीम, निवासी रावली महदूद
  • होटल मैनेजर: अर्जुन, निवासी बिजनौर
  • ग्राहक: दीपक, निवासी मंगलौर
  • चार महिलाएं: पहचान गुप्त रखी गई है
  • फरार ब्रोकर: नितिन, निवासी नन्हेड़ा, थाना भगवानपुर

वेतन पर तैनात थीं महिलाएं, ब्रोकर देता था 25–30 हजार रुपये

पूछताछ में सामने आया कि ब्रोकर नितिन द्वारा महिलाओं को प्रति माह 25 से 30 हजार रुपये वेतन पर रखा गया था। ये महिलाएं न सिर्फ होटल में उपलब्ध कराई जाती थीं, बल्कि उन्हें अन्य स्थानों पर भी भेजा जाता था।

ग्राहक अधिकतर पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आते थे, जिनके साथ संपर्क व्हाट्सएप के माध्यम से होता था। ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं और डील ऑनलाइन फाइनल होती थी।


पूरी डील चलती थी व्हाट्सएप पर

पुलिस को मिले मोबाइल डेटा के अनुसार, पूरे नेटवर्क का संचालन सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए किया जा रहा था। ग्राहकों और ब्रोकर के बीच कोई सीधा संपर्क नहीं होता था, बल्कि सब कुछ डिजिटल तरीके से ही तय किया जाता था।


आरोपियों पर केस दर्ज, कोर्ट में पेशी आज

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने जानकारी दी कि सभी आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, वहीं फरार ब्रोकर की तलाश जारी है।


पुलिस का कहना है कि होटल संचालक, प्रबंधक और दलाल के गठजोड़ ने पूरे शहर में एक संगठित रैकेट खड़ा कर दिया था, जिसे अब ध्वस्त कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *