देहरादून | 3 जुलाई 2025
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने लगा है। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बाढ़वाला साधना केंद्र आश्रम के पास यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और 11 मजदूर नदी के बीचोंबीच फंस गए। गनीमत रही कि समय पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) की डाकपत्थर टीम ने सभी मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू का रोमांच: पानी के बीच ट्रैक्टर समेत फंसे मजदूर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
बाढ़वाला साधना केंद्र आश्रम के पास स्थित यमुना नदी में तेज बहाव और जलस्तर बढ़ने के कारण मजदूरों के साथ एक ट्रैक्टर भी फंस गया था। नदी का बहाव इतना तेज था कि मजदूर खुद को किनारे नहीं ला पा रहे थे।
रेस्क्यू में दिखाई बहादुरी
एसडीआरएफ की टीम ने नदी के बीच फंसे चार महिलाओं और सात पुरुषों को एक-एक कर बाहर निकाला। पूरे ऑपरेशन के दौरान टीम ने रेस्क्यू उपकरणों की मदद से जान जोखिम में डालकर सभी को सुरक्षित किनारे पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद सभी मजदूरों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें वे पूरी तरह सुरक्षित पाए गए।
स्थिति पर अब भी नजर
एसडीआरएफ की टीम अभी भी मौके पर तैनात है और यमुना नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदियों और नालों के पास जाने से बचें और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।
आपके लिए चेतावनी:
मानसून के दौरान यमुना और उसकी सहायक नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ता है। किसी भी आपात स्थिति में 112 या एसडीआरएफ हेल्पलाइन से संपर्क करें।


