स्थान: हरिद्वार एवं रुद्रपुर, उत्तराखंड
हरिद्वार में बेटियों का रेप करने वाला कलयुगी पिता गिरफ्तार, रुद्रपुर में महिला ने दी जान
हरिद्वार में नाबालिग बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में कलयुगी पिता गिरफ्तार, बच्चियों की मां ने की थी शिकायत, पथरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई हरिद्वार/रुद्रपुर: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है. जहां एक पिता पर अपनी ही सगी बेटियों के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. पीड़ित नाबालिग बच्चियों के यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर मामले में शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. उधर, रुद्रपुर में तलाक विवाद के बीच महिला ने अपनी जान दे दी.
अपनी ही बेटियों के साथ किया घिनौना काम: पुलिस के मुताबिक, बीती 18 मई को पथरी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने तहरीर देकर अपने पति पर परिवार के साथ मारपीट, धमकी देने और नाबालिग बेटियों के साथ यौन अपराध करने के आरोप लगाए. शिकायत में बड़ी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म और दूसरी नाबालिग बेटी के साथ अनुचित व्यवहार व जबरदस्ती के दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया गया.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया. पॉक्सो अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की. इसके साथ ही उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई. हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी देर ने करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की.
मामले में शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी. मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कुछ ही घंटों में आरोपी पिता को दबोच लिया गया. पुलिस ने आरोपी को पथरी थाना क्षेत्र के घिस्सुपुरा से पथरी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया.
पहले बड़ी बेटी के साथ की दरिंदगी, छोटी बेटी पर नजर डाली तो मां से सहा नहीं गया: आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी ने पहले अपनी 15 साल की बेटी को हवस का शिकार बनाया. वो लगातार उसके साथ शारीरिक शोषण करता चला आ रहा था. इस दौरान वो बच्चियों की मां के साथ भी मारपीट करता था. अब उसकी नजर छोटी बेटी पर भी पड़ गई.
जब उसने 14 साल की बेटी के साथ भी घिनौनी हरकत करनी चाही तो, मां से यह सब सहा नहीं गया. आखिरकार उसने हिम्मत जुटाई और पति के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत कर डाली. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी इस मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हसिल की.
“गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज किया गया. आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है. महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.”- रविंद्र सिंह, पथरी थाना प्रभारी
रुद्रपुर में तलाक विवाद के बीच महिला ने दी जान: रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक महिला के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और तलाक का मामला सामने आया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जानकारी के मुचाबिक, ट्रांजिट कैंप थाने को 112 माध्यम से एक सूचना मिली थी कि आशीर्वाद कॉलोनी गंगापुर के पास एक महिला ने आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही उप निरीक्षक महेश कांडपाल, उप निरीक्षक सौरभ भारती, महिला उप निरीक्षक पूनम रावत और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
मौके पर जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला अपने घर में अकेली रह रही थी. उसके पिता सतीश कुमार शर्मा और अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला का अपने पति अंकित गर्ग से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था. इसी कारण वो पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रही थी.
परिजनों ने बताया कि जिस मकान में महिला रह रही थी, उसके निचले हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी देखरेख उसके पिता रोजाना सुबह आकर करते थे. मंगलवार सुबह भी पिता ने अपनी बेटी को फोन कर कुछ देर में घर पहुंचने की बात कही थी.
जब वह सुबह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दूसरी चाबी की मदद से दरवाजा खोला. घर के अंदर प्रवेश करने पर पिता ने देखा कि पहली मंजिल से छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास उनकी बेटी अचेत पड़ी हुई है.
यह दृश्य देखकर पिता के होश उड़ गए. उन्होंने पड़ोस में रहने वाली पूजा नाम की महिला की मदद से उसे नीचे उतारा और कमरे में लिटाकर देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया. चूंकि, महिला की शादी को 7 साल से कम समय हुआ था, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई गई. साथ ही जिले की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.”- महेश कांडपाल, उप निरीक्षक, ट्रांजिट कैंप कोतवाली


